
एडिलेड, 17 दिसंबर (गुरपुनीत सिंह सिद्धू):भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत डे-नाइट मैच से होगी. गुलाबी गेंद से यह टेस्ट मैच एडिलेड में गुरुवार से खेला जाएगा. भारत का विदेशी धरती पर पहला डे-नाइट टेस्ट मैच होगा. इससे पहले उसने कोलकाता में दिन-रात का टेस्ट खेला था.
डे-नाइट टेस्ट प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया सबसे अनुभवी टीम है. ऑस्ट्रेलिया ने गुलाबी गेंद से अब तक 7 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से चार एडिलेड ओवल में ही खेले हैं. वहीं, भारत ने अब तक डे-नाइट प्रारूप में सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला है. भारत ने यह मैच पिछले साल नवंबर में ईडन गार्डन्स में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था. भारत का यह पहला डे-नाइट टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के पहले टेस्ट मैच के चार साल बाद आया था.





















