
दिल्ली, 25 नवंबर (विश्ववार्र्ता): इंग्लैंड के अगले साल होने वाले भारत दौरे में सीमित ओवर की सीरीज को शामिल करने के लिए नियमित 5 के बजाय 4 टेस्ट कराए जाएंगे, जिसे इस साल के शुरू में कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित कर दिया गया था.
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) अध्यक्ष सौरव गांगुली ने एक ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान फरवरी-मार्च में होने वाली सीरीज के कार्यक्रम की पुष्टि की.उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड 4 टेस्ट मैचों, 3 वनडे और 5 टी20 के लिए भारत का दौरा कर रहा है, द्विपक्षीय सीरीज कराना काफी आसान है क्योंकि इसमें लोगों की संख्या कम होती है.’ उन्होंने कहा, ‘जब इसमें 8 टीमें, 9 टीमें, 10 टीमें होती हैं, तो यह और अधिक मुश्किल हो जाता है. हमें परिस्थितियों का आकलन करते रहना होगा क्योंकि काफी लोग दूसरी ‘वेव’ की बात कर रहे हैं.’





















