दुबई , 6 नवंबर (विश्ववार्ता):आईपीएल के 13वें सीजन के क्वालिफायर-1 में मुंबई इंडियंस (MI) ने बाजी मारी. गुरुवार रात दुबई में मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 57 रनों से मात दी. 201 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम 20 ओवरों में 143/8 रन ही बना पाई. जसप्रीत बुमराह (3-1-14-4) और ट्रेंट बोल्ट (2-1-9-2) की तूफानी गेंदबाजी ने दिल्ली की कमर तोड़ दी.
इसके साथ ही मुंबई इंडियंस ने 5वें खिताब की ओर कदम बढ़ा दिए हैं. उसने छठी बार फाइनल में जगह बनाई. मुंबई इससे पहले 2010, 2013, 2015, 2017 और 2019 में भी फाइनल में पहुंची थी. दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स के पास एक और मौका है. वह अब 8 नवंबर को क्वालिफायर-2 जीतकर फाइनल का सफर तय कर सकती है, जहां उसका सामना एलिमिनेटर (SRH vs RCB) में जीत हासिल करने वाली टीम से होगा.






















