दिल्ली 2 नवंबर (विश्ववार्ता): आईपीएल के 13वें सीजन के 54वें मैच में रविवार रात दुबई में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बेहतरीन जीत हासिल की. उसने ‘करो या मरो’ के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) को 60 रनों से मात दी. इसके साथ ही राजस्थान की टीम प्ले ऑफ की रेस से बाहर हो गई. 192 रनों के बड़े लक्ष्य के आगे राजस्थान की टीम 20 ओवरों में 131/9 रन ही बना पाई.
कोलकाता की इस बेशकीमती जीत में पैट कमिंस (4-0-34-4) ने 4 विकेट चटकाए, जबकि इससे पहले कप्तान इयोन मॉर्गन ने नाबाद 68 रनों (35 गेंदें, 5 चौके, 6 छक्के) की धुआंधार पारी खेली.
इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स की प्ले ऑफ की उम्मीदें बची हुई हैं. राजस्थान रॉयल्स की यह 8वीं हार रही. वह पूरे 14 मैच खेलकर 12 अंक ही हासिल कर सकी. वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने वाली तीसरी टीम बनी.






















