पीएम मोदी खुद दें न्योता, तब किसान बातचीत को तैयार: पंधेर
चंडीगढ 13 अक्तूबर (विश्ववार्ता): किसानों की कोर कमेटी आज केंद्र के साथ बैठक के बारे मे फैसला लेगी। मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर का कहना है कि किसान केंद्र सरकार के साथ बातचीत करने को तैयार हैं, बशर्ते प्रधानमंत्री मोदी उन्हें खुद बातचीत के लिए बुलाएं। उन्होने कहा कि कल दिल्ली में होने वाली बैठक में किसान हिस्सा नहीं लेंगे। वहीं पंजाब मे किसानों ने भाजपा नेता तरुण चुग, भाजपा प्रदेश प्रधान अश्वनी कुमार और हरजीत सिंह ग्रेवाल के पुतले फूंक कर रोष प्रदर्शन किया।
किसान नेता सतनाम सिंह पन्नू और सरवन सिंह ने कहा कि दिल्ली से बैठक संबंधी जो न्योता आया है, उसमें ये नहीं लिखा कि किसान जत्थेबंदियों के साथ कौन बैठक करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कृषि कानून को 21वीं सदी का सबसे अच्छा कानून बता रहे है तो बैठक में जाने का मतलब ही नहीं है। सरवन सिंह ने कहा कि किसानों की प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी ने फैसला लिया है कि दिल्ली में 14 अक्तूबर को होने वाली बैठक में किसान जत्थेबंदियां हिस्सा नहीं लेंगी।
किसान जत्थेबंदियों का कहना है कि मोदी सरकार ने हरियाणा की 17 किसान जत्थेबंदियों को तो बैठक में शामिल होने का न्योता नहीं दिया। इसके अलावा देश भर की किसान जत्थेबंदियों को भी नहीं बुलाया गया है। मोदी सरकार ऐसा कर पंजाब की किसान जत्थेबंदियों को हरियाणा व देश की अन्य किसान जत्थेबंदियों से अलग करने की साजिश रच रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा नेता तरुण चुग किसान जत्थेबंदियों को अर्बन नक्सली बता रहे हैं। भाजपा नेता कह रहे हैं कि कृषि कानून रद्द नहीं होगा, ये पत्थर पर लकीर है। ऐसे बयान के बाद दिल्ली में होने वाली बैठक में हिस्सा लेने का कोई मतलब नहीं है। किसान अपना आंदोलन लंबे समय तक जारी रखेंगे।