
77वां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंजाब सीएम मान ने गांवों की पंचायतों को दी बड़ी खुशखबरी
चंडीगढ़, 15 अगस्त (विश्ववार्ता) 77वां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सूबे की पंचायतों को बड़ी खुशखबरी देते हुए सर्वसम्मति से पंचायत चुनने वाले गांवों को पंजाब सरकार की ओर से 5 लाख रुपए की ग्रांट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मैंने देखा है कि पंचायत चुनाव के दौरान बहुत झगड़े होते हैं और एक पार्टी सरपंची हासिल करने के लिए दूसरी पार्टी को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ती लेकिन अब अगर पंचायत सर्वसम्मति से चुनी जाएगी तो उन गांवों को 5 लाख रुपए की ग्रांट दी जाएगी।
पंजाब सीएम ने यह चेतावनी देते कहा कि अगर कोई यह सोचता है कि 30-40 लाख रुपए लगाकर वह सरपंच बन जाएगा और फिर सरकार से मिलने वाली ग्रांट खा जाएगा तो ऐसे लोग यह अंधविश्वास अपने दिल से निकाल दें, क्योंकि ग्रांट का पैसा मेरे हाथ से ही जाएगा और यह गांवों के विकास के लिए ही खर्च किया जाएगा और हम इसमें कोई घोटाला नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि बहुत पहले ऐसा होता था कि जब ग्रांट आती थी तो गांव की गलियां और नालियां बाद में बननी शुरू होती थीं, पर सरपंच की कोठी पहले ही बननी शुरू हो जाती थी पर अब समय बहुत बदल गया है।























