
Delhi सीएम अरविंद केजरीवाल की याचिका पर आज आएगा कोर्ट का फैसला
केजरीवाल जेल में रहेंगे या मिलेगी बेल ?, तिहाड़ में बंद हैं सीएम केजरीवाल
चंडीगढ़, 9 अप्रैल (विश्ववार्ता)मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अभी जेल में ही रहेंगे या उन्हें जमानत मिलेगी, इसका फैसला मंगलवार को होगा। शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की गिरफ्तारी और हिरासत को चुनौती देने वाली केजरीवाल की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट फैसला सुनाएगा।
जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा दोपहर दो बजकर 30 मिनट पर अपना फैसला सुनाएंगी. इस बीच चर्चा यह है कि दिल्ली के सीएम को आज कोर्ट से राहत मिलेगी या उन्हें अभी जेल में ही रहना होगा। दूसरी तरफ दिल्ली राउज एवेन्यू कोर्ट में वकीलों से मिलने के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग वाली सीएम अरविंद केजरीवाल की याचिका पर भी आज फैसला आने की संभावना है।
दरअसल, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की याचिका पर पिछले हफ्ते सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था. दिल्ली हाईकोर्ट में बहस के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल के अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने उनकी गिरफ्तारी को ‘स्क्रिप्टेड’ करार दिया था. साथ ही ईडी की गिरफ्तारी की टाइमिं पर भी उन्होंने सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि ईडी की गिरफ्तारी गलत है।
अरविंद केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी के अलावा प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेजे जाने को भी चुनौती दी है। ईडी की हिरासत के बाद केजरीवाल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और वर्तमान में वह तिहाड़ जेल में बंद हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने जांच एजेंसी की ओर से उनकी गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाया है। केजरीवाल ने कहा कि यह लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और समान अवसर सहित संविधान की बुनियादी संरचना का उल्लंघन है।





















