
किसानों का दिल्ली कूच: बॉर्डर पर पुलिस तथा किसानों के बीच हुए टकराव में किसान की गोली लगने से मौत
चंडीगढ, 21 फरवरी (विश्ववार्ता) बडी खबर सामने आ रही है कि किसानों का दिल्ली कूच शुरू जारी है, जिसको लेकर हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसानों के दिल्ली कूच की घोषणा के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है। जींद के दातासिंह वाला बॉर्डर पर पुलिस तथा किसानों के बीच हुए टकराव में एक किसान की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। किसान को माथे में गोली लगी है। इसके अलावा 20 से ज्यादा किसान घायल हो गए हैं।
पंजाब के 14 हजार किसान 1200 ट्रैक्टर-ट्रालियों पर शंभू बॉर्डर से दिल्ली जाने की कोशिश कर रहे हैं। खनौरी बॉर्डर पर भी 800 ट्रैक्टर ट्रालियां मौजूद हैं। किसान यहां से हरियाणा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे हैं।
काफी किसानों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनको हरियाणा की तरफ ले आई है। काफी देर तक किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। काफी किसान खेतों के रास्ते से बॉर्डर को पार करने की तैयारी कर रहे थे, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जिस किसान की मौत हुई है, वह खनौरी का बताया जा रहा है। फिलहाल उसके बारे में और कोई जानकारी हासिल नहीं हुई है। पुलिस लगातार आंसू गैस के गोले दाग रही है और लाठीचार्ज किया जा रहा है। पुलिस तथा किसानों के बीच लगातार टकराव जारी है। किसान जेसीबी के माध्यम से बॉर्डर पर लगे अवरोधक को हटाने की कोशिश कर रहे हैं।























