
पंजाब समेत उत्तर व पश्चिमी भारत मे आज से मौसम ले रहा है बडी करवट
मौसम विभाग ने जताई इस बात की संभावना
चंडीगढ, 18 फरवरी (विश्ववार्ता): नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर व पश्चिमी भारत के कई इलाकों में बारिश तथा पहाड़ी हिस्सों में बर्फबारी हो सकती है। पंजाब मे इसे देखते हुए 18 और 19 फरवरी को बसंत ऋतु की पहली भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान शामिल हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 से 22 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में 18 से 22 फरवरी के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश, आंधी, वज्रपात व ओलावृष्टि होगी। हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 19 और 20 फरवरी को राजस्थान में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कश्मीर घाटी के ज्यादातर इलाकों में 18 से 21 फरवरी तक तेज बारिश और बर्फबारी का अनुमान है, मैदानी व निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान व मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में भी इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी बारिश व बर्फबारी हो सकती है।
इसके चलते पंजाब के ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और फिर भारी बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 14 फरवरी को पंजाब के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहेगा और 15 फरवरी को कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जिसके बाद 18 और 19 तारीख को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक ठंड का मौसम अभी खत्म नहीं हुआ है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट हो सकती है क्योंकि मैदानी इलाकों में बारिश और पहले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होगी, जिससे ठंड और बढ़ेगी।





















