
चंडीगढ़ के सेक्टर 18 रिहायशी इलाके में घुसा ‘बारहसिंगा’
लोग के शोर से इधर-उधर भागता रहा
चंडीगढ, 5 फरवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ में एक बार फिर एक बारहसिंगा हिरण जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में घुस आया। सोमवार सुबह सेक्टर 18 में जब अचानक बारहसिंगा को लोगों ने देखा तो उनमें अफरा-तफरी मच गई। बारहसिंगा कोई नुकसान न पहुंचा दे। इसलिए लोग डरे हुए थे। वहीं दूसरी तरफ लोगों से ज्यादा शोरगुल सुनकर बारहसिंगा डरा हुआ था और इधर-उधर भाग रहा था।
हालांकि, बारहसिंगा दारा कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारहसिंगा को जाल डालकर पकडऩे की कड़ी मशक्कत की। टीम द्वारा कई बार जाल बारहसिंगा के ऊपर फेंका गया, लेकिन वह नहीं पकड़ में आया। दरअसल टीम जैसे ही जाल डालने की कोशिश करती तो वो और आगे भाग जाता। वह खुद को बचाने के लिए वाहनों के पीछे छिप रहा था।
एक तरफ जहां लोग बारहसिंगा को देख सहमे हुए थे तो वहीं दूसरी तरफ लोग इस जंगली प्राणी को अपने कैमरों में कैद करने से नही कतई नहीं चूके। लोगों ने जमकर मोबाइल से बारहसिंगा की तस्वीरें लीं और उसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। मालूम रहे कि, पहले भी कई बार चंडीगढ़ के जंगल क्षेत्र से बाहर निकलकर बारहसिंगा शहर के अंदर दौड़ते-भागते देखे गए हैं। जहां वन विभाग की टीम ने इन्हें पकडक़र फिर से जंगल में छोड़ा। वन विभाग टीम का कहना है कि लोगों को ऐसी स्थिति में धैर्य रखना चाहिए और जंगल से आए जानवरों को परेशान नहीं करना चाहिए।























