
हिमाचल प्रदेश से जुडी बडी खबर
टिंबर ट्रेल रिजॉर्ट परवाणु में रोपवे में फंसे सभी 11 पर्यटकों का किया रेस्क्यू
शिमला 20 जून (विश्ववार्ता) हिमाचल प्रदेश में सोलन जिले के परवाणू स्थित टिंबर ट्रेल रोपवे (केबल कार) में आज 11 लोगो को रस्सी के सहारे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। यह ट्रॉली पांच घंटे से भी ज्यादा समय तक 120 फीट ऊंचाई पर अटकी रही। हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस की टीम ने 11 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। बताया जा रहा है कि घटना करीब 1:45 बजे हुई। जब पर्यटक केबल कार से होटल मोक्षा से परवाणू की ओर आ रहे थे कि अचानक ट्रॉली बीच में ही फंस गई। इससे ट्रॉली में बैठे 11 लोगों की सांसें हवा में अटक गईं। सबसे पहले महिला सहित चार लोगों को निकाला गया। इसके बाद अन्य को रेस्क्यू किया गया। एएसपी सोलन अशोक वर्मा ने बताया कि सभी लोगों को निकाल लिया गया है।























