
हाईकोर्ट ने नाबालिग बलात्कार पीडि़ता की गर्भावस्था को समाप्त करने की अनुमति दी
कहा कि सांस लेना ही जीवन नहीं, बल्कि शान से सिर उठाकर जीना जीवन है
जस्टिस विनोद एस भारद्वाज ने पारित किए ये आदेश
चंडीगढ, 16 जनवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ मे 15 वर्षीय नाबालिग दुष्कर्म पीडि़ता के गर्भपात की मांग को मंजूर करते हुए पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा कि सांस लेना ही जीवन नहीं, बल्कि शान से सिर उठाकर जीना जीवन है। ऐसे में गर्भ में पल रहा शिशु पीडि़ता के जख्मी शरीर और आत्मा का प्रमाण है।
हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि इसमें कोई विवाद नहीं है कि पीडि़ता आज भी नाबालिग है और अपने परिवार पर निर्भर है। उसे अभी अपनी शिक्षा पूरी करनी है और जीवन में अपने लक्ष्य हासिल करने हैं। इस तथ्य को भी अनदेखा नहीं किया जा सकता कि गर्भावस्था नाबालिग के जख्मी शरीर और आत्मा का प्रमाण है। यदि बच्चा पैदा होता है, तो वह अच्छी यादों को नहीं बल्कि उस आघात और पीड़ा की याद दिलाएगा, जिससे पीडि़ता को गुजरना पड़ा।
जस्टिस विनोद एस भारद्वाज ने पंजाब के मोहाली जिले की एक महिला द्वारा दायर याचिका को स्वीकार करते हुए ये आदेश पारित किए हैं। महिला ने कोर्ट को बताया था कि उसकी बेटी का अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई और कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पीडि़ता को आरोपी के कब्जे से सिरसा से रिहा करवाया था। इस संबंध में पहले से ही मोहाली के पुलिस स्टेशन खरड़ में एफआईआर दर्ज है।























