
हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष को सुरक्षा देने का दिया आदेश
हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (विश्ववार्ता) पाकिस्तानी नंबर से धमकी मिलने के बाद चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष और स्थानीय लोकसभा सीट से चर्चित दावेदार हरमोहिंदर सिंह लकी को सुरक्षा देना का आदेश हुआ है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ पुलिस को अंतरिम आदेश देते हुए एचएस लकी को एक सशस्त्र निजी सुरक्षा अधिकारी की सुरक्षा प्रदान करने को कहा है। वहीं एचएस लकी को धमकी और उनकी जान पर खतरा मामले में हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ पुलिस को नोटिस जारी कर 1 जुलाई तक जवाब भी मांगा है।
जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट को बताया गया कि पाकिस्तानी नंबर से धमकी मिलने के बाद एचएस लकी ने चंडीगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), सेक्टर 3 पुलिस स्टेशन और मोहाली एसएसपी के पास शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद हाईकोर्ट का रुख किया गया। वहीं एचएस लकी की तरफ से दाखिल याचिका और दलील को सुन हाईकोर्ट ने यह माना कि लकी को काफी खतरे का आभास है, इसलिए चंडीगढ़ पुलिस को उन्हें जल्द से जल्द एक सशस्त्र पीएसओ मुहैया कराना चाहिए।
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लकी की तरफ से हाईकोर्ट को जानकारी दी गई है कि, उन्हें पाकिस्तान के दो अलग-अलग नंबर से दो बार फोन आया। एक 4 मार्च को तब जब चंडीगढ़ नगर निगम में डिप्टी मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर का चुनाव होना था। इसके बाद 26 मार्च को पाकिस्तान के एक अलग नंबर से 2 बार कॉल आया। इस बार कॉल करने वाले के व्हाट्सएप पर जय बलकारी समूह का नाम लिखा था जो लॉरेंस बिश्नोई समूह से जुड़ा है।
लकी ने पुलिस को दी थी ये शिकायत
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लकी ने एसएसपी कंवरदीप कौर को लिखित में जानकारी देते हुए कहा था- ‘ 26 मार्च सुबह मुझे पाकिस्तान नंबर +92-3326267411 से दो व्हाट्सएप कॉल प्राप्त हुईं, पहली कॉल मैंने उठाई जिस पर कॉल करने वाले ने मेरा नाम लिया और कहा “लकी पुत बोलदा- कोई ना तेरा इलाज कर दयांगे”। इसके बाद दूसरी कॉल आई, जिसका मैंने उत्तर नहीं दिया। एचएस लकी ने बताया कि, उक्त नंबर पर जय बलकारी भी लिखकर आ रहा है। इससे पहले भी सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव वाले दिन मुझे पाकिस्तान नंबर (+92-3274456798) से फोन आया था और फोन करने वाला मेरे बेटे का हालचाल पूछ रहा था। कृपया इन व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करें और मेरे आवास और मुझे पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करें।” चंडीगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लडऩा चाहते हैं एचएस लकी
लोकसभा चुनाव को लेकर हर तरफ उम्मीदवारों की घोषणा हो रही है लेकिन अब तक एक एकलौती हॉटसीट चंडीगढ़ के लिए न तो बीजेपी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा की है और न ही कांग्रेस ने। चंडीगढ़ सीट पर दोनों पार्टियों के लिए अपने उम्मीदवार डिक्लेयर करने में गहरा पेंच फंसा हुआ है। कांग्रेस की बात करें तो पार्टी की तरफ सबसे पहले दावेदार हैं पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल। इसके बाद मनीष तिवारी का नाम भी जोरदार चर्चा में है और इसके साथ ही एचएस लकी की उम्मीदवारी पर चर्चा बनी हुई है।





















