
चंडीगढ़, (आहूजा) : इनेलो व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश गोयल ने कहा कि सरकार द्वारा ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा जरूरी वस्तुएं बेचने की इजाजत देने का फैसला छोटे दुकानदारों के साथ असमानता व धोखाधड़ी है तथा सरकार का यह फैसला छोटे दुकानदारों के हितों पर कुठाराघात के साथ-साथ उनकी आजीविका पर गहरी चोट है। एक तरफ तो भाजपा छोटे दुकानदारों के हितों की पैरवी करने का राग अलापती रहती है वहीं दूसरी तरफ अब सत्तासीन होने के बाद इस संकट की घड़ी में वह छोटे दुकानदारों व व्यापारियों के साथ खड़ी न होकर बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों की पैरवी करती दिखाई दे रही है जबकि लाखों छोटे दुकानदारों व व्यापारियों ने इस आशा के साथ भाजपा का साथ दिया था कि वह उनके हितों की आवाज मजबूत रखेगी और संकट की घड़ी में उनकी मददगार बनेगी।
उन्होंने कहा कि परम्परागत बाजारों से जुड़े व्यापारियों और दुकानदारों को भी बड़े-बड़े उद्योगपतियों की तरह सामान्य वस्तुएं बेचने की इजाजत मिलनी चाहिए। क्योंकि परम्परागत बाजारों में ही हर छोटी-मोटी और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान मिलता है। सरकार को अपना ध्यान हरियाणा के व्यापारियों तथा छोटे दुकानदारों की तरफ देना चाहिए ताकि वो अपना रोजमर्रा का सामान बेच सकें और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जरूरत की वस्तुओं की प्राप्ति हो सके।





















