
हरियाणा मे किसानों ने कराये टोल फ्री
शंभू बार्डर पर जीआरपी सब इंस्पेक्टर की भी आंसू गैस के प्रभाव से मौत
चंडीगढ, 16 फरवरी (विश्ववार्ता) आज किसान संगठनो द्वारा हरियाणा के टोल फ्री करवाये जा रहे है। वहीं पंचकूला में तीन घंटे के लिए चंडीमंदिर व जलोली टोल प्लाजा वाहनों के लिए फ्री करवा दिए गए। भाकियू चढ़ूनी ने गुरुवार को प्रदेशभर के टोल प्लाजा फ्री कराए जाने का एलान किया था। पंजाब कांग्रेस ने भारत बंद के दौरान चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। पीसीसी प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग के नेतृत्व में नेताओं ने हरियाणा भाजपा के कार्यालय के सामने नारे लगाए। इसके बाद पुलिस उन्हें वहां से उठाकर ले गई।
शंभू बार्डर पर तैनात पानीपत के जीआरपी सब इंस्पेक्टर की भी आंसू गैस के प्रभाव से मौत हो गई है। चुलकाना निवासी सब इंस्पेक्टर हीरालाल समालखा जीआरपी चौकी में तैनात थे। उनको किसानों के दिल्ली कूच को रोकने के लिए घग्गर नदी पोस्ट पर तैनात किया गया था।
गुरनाम सिंह चढ़ूनी की अध्यक्षता में बुलाई गई आपात बैठक में आंदोलन कर रहे किसानों की मांगों के नैतिक समर्थन का ऐलान भी किया गया। कहा गया कि भले ही पंजाब सीमा पर डटे किसानों के साथ चढ़ूनी गुट से जुड़े किसान दिखाई नहीं देंगे, लेकिन उनकी मांगों के समर्थन में लगातार सडक़ों पर उतरेंगे। बैठक में कहा गया कि शुक्रवार को प्रदेश के सभी टोल प्लाजा दोपहर 12 से शाम 3 बजे तक फ्री कराए जाएंगे।
किसानों की मांगों का समर्थन
यह आंदोलन हरियाणा के साथ-साथ चढ़ूनी गुट से जुड़े दूसरे राज्यों के किसान भी अपने-अपने स्तर पर उसी अनुसार चलाएंगे। बैठक के बाद चढ़ूनी ने कहा कि वे आंदोलन कर रहे किसानों की मांगों का समर्थन करते हैं। उनकी मांगें पूरी तरह से जायज हैं। इन मांगों को सरकार को तत्काल मान लेना चाहिए। चढ़ूनी ने एक मांग और जोड़ते हुए कहा कि आगे होने वाला चुनाव ईवीएम से न कराकर बैलेट पेपर से कराया जाए। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन को भी किसानों को रोकने और कार्रवाई का प्रयास न करने चेतावनी दी। बैठक में कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह मथाना, प्रदेश प्रवक्ता राकेश बैंस, कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष कृष्ण कलाल माजरा, प्रिंस वड़ैच सहित सभी पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य शामिल रहे।





















