
हरियाणा में सुरक्षा को लेकर आंतकवाद विरोध दस्ते का हुआ गठन
सरकारी इमारतों का होगा सुरक्षा ऑडिट
वीआईपी सुरक्षा का नए सिरे से होगा रिव्यू
पड़ोसी राज्यों से आने वाली बसों व रेलगाडिय़ों में बढ़ाई जाएगी चैकिंग
चंडीगढ, 12 मई (विश्व वार्ता) हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में सुरक्षा की दृष्टि से एंटी टैररिस्ट स्क्वाड (आंतकवाद विरोध दस्ते) का गठन किया जाएगा जिसमें डीआईजी व एसपी रैंक के अधिकारियों की नियुक्ति भी होगी जो इस दस्ते का संचालन करेंगें। विज बुधवार को चंडीगढ़ में गृह विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारियों की सुरक्षा से संबंधित एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा व पुलिस महानिदेशक पी.के. अग्रवाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अभी हाल ही में करनाल व पंजाब के मोहाली में इंटैलिजेंस विभाग के मुख्यालय पर एक रॉकेट से हमला हुआ था उसे मदेनजर रखते हुए हरियाणा में सुरक्षा को लेकर चौकसी बढाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमें आंतकवादियों व असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए इनके स्लीपर सैल इत्यादि की छानबीन करनी होगी और इनकी कार्य-प्रणाली (माडस-ऑपरेंडी) पर ध्यान देना होगा।






















