हरियाणा में मरीजों के लिए जरूरी खबर, आज से बंद रहेगी अस्पतालों में ओपीडी
हरियाणा में आज 3000 डॉक्टरों की हड़ताल
चंडीगढ, 27 दिसंबर (विश्ववार्ता) हरियाणा में मरीजों को बड़ा झटका लगने वाला है क्योंकि सरकारी डॉक्टरों ने एक बार फिर से आज ओपीडी को बंद करके हड़ताल करने का ऐलान किया है। इस दौरान केवल इमरजेंसी में ही लोगो का इलाज होगा। डॉक्टरों का कहना है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गयी तो इसके बाद वो लम्बे समय तक सभी सेवाएं बंद करके हड़ताल पर बैठ जायेंगे।
विशेषज्ञ चिकित्सकों को अलग कैडर समेत अन्य मांगों को लेकर हरियाणा के तीन हजार से अधिक डॉक्टर बुधवार को हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी बंद रहेगी और डॉक्टर मरीजों की जांच नहीं करेंगे। केवल आपात सेवाएं ही बहाल रहेंगी। इनमें इमरजेंसी, ट्रॉमा सेंटर और पोस्टमार्टम हाउस चलेंगे। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएसए) ने चेताया है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानीं तो 28 दिसंबर को वह सामान्य रूप से काम करेंगे और इसके बाद 29 को पूर्ण हड़ताल करेंगे।
हरियाणा में इस समय 71 सिविल अस्पताल, 120 सीएचसी, 407 पीएससी और 2727 सब सेंटर हैं। औसतन हर जिले में रोजाना दो हजार से अधिक मरीजों की सरकारी अस्पतालों में जांच की जाती है। बुधवार को ओपीडी बंद रहने से औसतन करीब 50 हजार जरूरतमंद लोगों की जांच प्रभावित रहेगी, क्योंकि सरकारी अस्पतालों में जांच पांच रुपये में की जाती है। वहीं, निजी अस्पतालों में 200 से 500 रुपये तक ओपीडी के लिए जाते हैं।






















