
चंडीगढ़ (आहूजा) हरियाणा में ऐप के जरिये दरवाजे तक डीजल पहुंचाने वाली हमसफर ने अपनी सेवाएं आरंभ कर दीं। किसानों, हाउसिंग सोसाइटी, होटल, अस्पताल और उन उद्योगों को अब दरवाजे पर डीजल आपूर्ति की सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी, जिन्हें अचल, तिरछे खड़े अथवा जमीन खोदने वाले भारी उपकरणों के लिए डीजल की जरूरत होती है। ये सेवाएं पानीपत, करनाल, सोनीपत, हिसार, अंबाला, रोहतक, बहादुरगढ़, फरीदाबाद, रेवाड़ी और गुरुग्राम में दी जा रही हैं।
हमसफर की निदेशक एवं संस्थापक सान्या गोयल ने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य अस्पतालों, किसानों और हाउसिंग सोसाइटी को इस मुश्किल वक्त में लगातार डीजल की आपूर्ति करते रहना है ताकि उनका काम चलता रहे। इससे वे पेट्रोल पंप से भारी मात्रा में डीजल ढोकर जरूरत की जगह तक पहुंचाने के झंझट से बच जाएंगे। इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि डीजल का परिवहन अब विशेषज्ञों के हाथों कानूनी और सुरक्षित तरीके से होगा।”
हमसफर के सॉल्यूशन से उपयोगकर्ता अपनी ऐप पर ऑर्डर देते हैं और डीजल की वांछित मात्रा तथा स्थान चुन लेते हैं। उसके बाद पेसो से मंजूरी प्राप्त 4000 से 6000 लीटर क्षमता वाले ट्रक पेट्रोल पंप से डीजल लेते हैं और आठ घंटे के भीतर बताई गई जगह पर पहुंच जाते हैं। मोबाइल फ्यूल डिस्पेंसर के जरिये डीजल को उस ठिकाने तक बिना किसी बरबादी के सुरक्षित तरीके से पहुंचा दिया जाता है। ट्रकों में जियो-फेंसिंग तकनीक भी लगी है, जिससे उपयोगकर्ता पता लगा सकते हैं कि ट्रक कहां तक पहुंचे हैं।केवल 20 लीटर डीजल की जरूरत वाले ग्राहक भी हमसफर की सेवाएं ले सकते हैं। 2500 लीटर से अधिक के ऑर्डर देने वाले ग्राहक के पास भंडारण के लिए पेसो का लाइसेंस होना चाहिए। डीजल बाजार मूल्य पर दिया जाएगा और आपूर्ति के लिए अलग से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस समय हरियाणा और नोएडा, गाजियाबाद तथा दिल्ली यानी एनसीआर में हमसफर की सेवाएं हासिल की जा सकती हैं।





















