
हरियाणा प्रदेश भर के युवाओं ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सीएम खट्टर के आवास पर किया जोरदार प्रदर्शन
हरियाणा में पूरे देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है- आप पार्टी अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता
लाठीचार्ज में अनुराग ढांडा के हाथ की टूटी हड्डी
चंडीगढ, 8 फरवरी (विश्ववार्ता) आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं और प्रदेश भर के युवाओं ने बेरोजगारी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री खट्टर के आवास पर जोरदार प्रदर्शन किया। इससे पूर्व, प्रदेश भर से हजारों युवा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद पार्क में पहुंचे और खट्टर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आज हरियाणा में पूरे देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। आज हरियाणा का पढ़ा लिखा युवक मजदूरी करने को मजबूर है और उनको मजदूरी भी समय पर नहीं मिल रही। बेरोजगारी के कारण हरियाणा का युवा नशे के रास्ते पर चल पड़ा है और हर गांव में खाली जगहों पर सीरिंज पड़ी मिलती हैं। कहीं शराब का नशा है, कहीं चिट्टे का नशा है तो कहीं इंजेक्शन के द्वारा नशा लिया जा रहा है। इसके अलावा हरियाणा का युवा अपराध के रास्ते पर चल पड़ा है। अखबारों की सुर्खियों में छपता है कि हरियाणा में नाबालिग शार्प शूटर सबसे सस्ता मिलता है। बेरोजगारी के कारण हरियाणा का युवा डिप्रेशन के रास्ते पर चलकर आत्महत्या तक करने को मजबूर है। परंतु खट्टर सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। दो लाख सरकारी नौकरियां खाली होने के बावजूद युवाओं को नौकरी नहीं दे रही और एचकेआरएन के नाम पर युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा मैं खट्टर सरकार से पूछना चाहता हूं कि हरियाणा में कब तक गोलियां चलती रहेंगी और यहां के व्यापारी डर कर भागते रहेंगे? मैं सीएम खट्टर से पूछना चाहता हूं कि हरियाणा का युवा कब तक अपनी जमीनें बेचकर अवैध रास्ते से विदेशों की ओर पलायन करता रहेगा? सीएम खट्टर बताए कि हरियाणा के युवाओं को किसी शांतिपूर्ण देश में भेजने की बजाय युद्धग्रस्त देश इजरायल में क्यों भेजा जा रहा है? युवा कह रहे हैं कि हम भूख से मरने के बजाय गोली से मर जाएं, इसलिए इजराइल जाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आज हजारों युवा खट्टर सरकार को बताने आए हैं कि भाजपा सरकार हरियाणा युवाओं को बेरोजगारी के किस आलम पर पहुंचा चुकी है। अब हरियाणा का युवा इस भ्रष्टाचारी सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।





















