
हरियाणा पुलिस ने नकली नोटों के नेटवर्क का किया पर्दाफाश
आरोपी महिला को काबू कर 1.11 लाख रुपये की नकली करेंसी बरामद
चंडीगढ़, 14 मार्च- हरियाणा पुलिस द्वारा नकली नोट चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 1.11 लाख रुपये की जाली नोट जब्त कर इस सिलसिले में सिरसा जिले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी महिला के पास से 124 नोट 500-500 के, 200 नोट 200-200 के और 90 नोट 100-100 नोट बरामद किए हैं। आरोपी महिला की पहचान सुखविंदर कौर के रूप में हुई है।
पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि गिरफ्तार महिला और उसका बेटा गगनदीप पंजाब से नकली नोट लाकर शहर में सप्लाई करने की फिराक में हैं। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रेड कर महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.11 लाख के नकली नोट बरामद किए। हालांकि, उसका बेटा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया जिसकी पहचान कर ली गई है और उसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दोनों आरोपियों पर नकली व जाली नोट रखने और इस्तेमाल करने के लिए आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
000
फरीदाबाद से चोरी किया गया एसी लदा ट्रक बरामद, एक गिरफ्तार
आरोपी से वाहन में लदे 270 एसी बरामद
चण्डीगढ़, 14 मार्च- हरियाणा पुलिस ने फरीदाबाद जिला से चोरी किये गयेएसी से लदे हुए ट्रक को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने आज यहां जानकारी साझा करते हुए बताया कि पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये कीमत के 270 एसी भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलवल जिले के निवासी अजीत के रूप में हुई है, जो एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करता है। आरोपी ने जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में अपराध को अंजाम दिया। आरोपी ने सेक्टर 58 में एसी से लदे हुए ट्रक को रात के समय चोरी कर लिया और ट्रक को सोहना की पहाड़ियों में ले जाकर छुपा दिया। आरोपी ट्रक में रखे एसी और ट्रक को बेचने की फिराक में था।
पुलिस को 12 मार्च को एसी से लदे ट्रक के चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने मामले की पड़ताल की। गुप्त और अन्य इनपुट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन में लदे 270 एसी बरामद किये।
ट्रांसपोर्टर की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच की जा रही है।
000





















