
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में धुंध व घने कोहरे का कहर
पंजाब में मौसम लेने लगा करवट
मौसम विभाग ने आने वाले दिनो के बारे मे लगाया पूर्वानुमान
चंडीगढ़, 29 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ मे आज धुंध व घने कोहरे के कारण जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इससे विजिबिलिटी कम रह गई है। धुंध के साथ शीतलहर चल रही है। आने वाले 4 दिनों में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। एक फरवरी से तीनों जगह बारिश के आसार हैं। हिमाचल के चंबा में रविवार को बारिश हुई।
पंजाब में अब मौसम बदलना शुरू हो गया है। कड़ाके की ठंड के बाद अब दिन में कोहरे से राहत का दौर शुरू हो गया है। अब एक फरवरी को बारिश के आसार हैं। हालांकि 12 साल के रिकॉर्ड के मुताबिक जनवरी का महीना शुष्क चल रहा है लेकिन 28 जनवरी की शाम को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, हालांकि यह थोड़ा कमजोर है लेकिन उसके बाद 31 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। 1 और 2 फरवरी को बारिश हो सकती है लेकिन अब दिन में घना कोहरा देखने को नहीं मिलेगा। इससे लोगों को हाड़ कंपा देने वाली ठंड से राहत मिलना स्वाभाविक है। 27 को मौसम साफ हो गया है, हालांकि सुबह घना कोहरा छाया रहा, लेकिन दोपहर में कोहरा छंटने से लोगों ने ठंड से राहत की सांस ली है।
इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई और दिन का पारा 23 डिग्री के आसपास रहा। इस बीच हिमाचल में शुक्रवार को लाहौल की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। इसके अलावा अमृतसर में न्यूनतम पारा 3.7 और अधिकतम 21.8 डिग्री, लुधियाना में 6.0 और अधिकतम 22.8 डिग्री, पटियाला में 6.5 और अधिकतम 22.0 डिग्री, पठानकोट में 4.3 और अधिकतम 21.5 डिग्री जबकि गुरदासपुर में न्यूनतम 5.5 और अधिकतम 17.5 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 1 डिग्री तापमान बढ़ा है। हिमाचल में 31 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव 27 जनवरी से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण देखने को मिल रहा है। वहीं हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, सिरसा और जींद में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा का तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया है।





















