
हरियाणा के मुख्य सचिव ने 7 देशों में भारत के राजदूतों के साथ की अहम बैठक
लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के मामले में हरियाणा देश में दूसरे तथा उत्तर भारत में पहले नंबर पर
चंडीगढ,19 अक्तूबर (विश्ववार्ता ) – हरियाणा में विदेशी निवेश को आकर्षित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में विदेशों के साथ परस्पर सहयोग की संभावनाओं को तलाशने के लिए हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने आज यहां 7 देशों में भारत के राजदूतों के साथ एक अहम बैठक की। श्री कौशल ने राजदूतों को हरियाणा के सकल घरेलू उत्पाद, राजस्व संग्रहण, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, निवेश अनुकूल नीतियों, कौशल विकास तथा लॉजिस्टिक्स सुविधाओं इत्यादि के बारे में जानकारी दी। हरियाणा के समग्र दृष्टिकोण से प्रभावित होकर राजदूतों ने हरियाणा के साथ कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण सहित अन्य क्षेत्रों में सहयोग हेतु दिलचस्पी दिखाई।
कौशल ने बताया कि लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के मामले में हरियाणा देश में दूसरे तथा उत्तर भारत में पहले नंबर पर है। दुनिया की 400 फॉच्र्यून कंपनियों के कार्यालय गुरुग्राम में स्थापित हैं। देश के क्षेत्रफल का 1.34 प्रतिशत और 2.09 प्रतिशत जनसंख्या के बावजूद हरियाणा का देश के सकल घरेलू उत्पाद में 4 प्रतिशत योगदान है। वर्ष 2019 से प्रदेश में 5.22 बिलियन यूएस डॉलर का निवेश आया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने ई-गवर्नेंस के माध्यम से कई पहल की हैं , जिससे योजनाओं के वितरण में पारदर्शिता आई है।
उन्होंने कहा कि समय की जरूरत के अनुसार जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप राज्य सरकार ने मेरा पानी -मेरी विरासत योजना शुरू की है। जल संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। इसके अलावा, प्रदेश में फसल विविधीकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है और किसानों को भी फसल विविधीकरण को अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न प्रोत्साहन भी दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई नीतियों को केंद्रीय स्तर पर भी सराहना मिली है। केंद्र के साथ -साथ अन्य राज्य भी हरियाणा की योजनाओं का अध्ययन कर रहे हैं।
मुख्य सचिव ने बताया कि हरियाणा की जीडीपी विकास दर लगातार बेहतर बनी हुई है। राज्य की अर्थव्यवस्था में कृषि एवं संवद्र्धन गतिविधियों का 17 प्रतिशत, सर्विस सेक्टर का 47 प्रतिशत और उद्योग का 36 प्रतिशत योगदान है। वर्ष 2021-22 में हरियाणा से 28.9 बिलियन यूएस डॉलर का निर्यात हुआ है। इनमें मुख्यत: चावल, आईटी, हथकरघा और हस्तशिल्प, ऑटोमोबाइल और मेटलवेयर, मशीनरी और पाट्र्स, ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स उत्पाद शामिल हैं।
‘आप’ पंजाब सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान साहब लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए गुजरात पहुंचे
'आप' पंजाब सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान साहब लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए गुजरात पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री...





















