
हरियाणा सरकार का बडा फैसला
आर्थिक पिछड़ों को निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों में मिलेगा दाखिला
चंडीगढ़, 5 अप्रैल (विश्ववार्ता) हरियाणा की भाजपा-जजपा संयुक्त सरकार ने आज बडा फैसला लिया है शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि अनुसूचित जाति व जनजाति के अलाभप्रद व निशक्त बच्चों तथा एक लाख 80 हजार रूपये तक की आय वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए प्रदेश के निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों में शैक्षिणिक वर्ष 2022-23 में पहली कक्षा एवं इससे पूर्व की कक्षाओं में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटें होंगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस निर्णय को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह निर्णय शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आर.टी.ई) 2009 के अनुभाग 12 (1) (सी) के प्रावधानों की अनुपालना सुनिश्चित करने के दृष्टिगत लिया है। उन्होंने कहा कि निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों को सीटों की उपलब्धता की जानकारी 15 अप्रैल 2022 तक अपने स्कूल की वेबसाइट पर डालनी अनिवार्य होगी। इसके अलावा, स्कूल के नोटिस बोर्ड पर भी प्रदर्शित करनी होगी। ताकि अधिक से अधिक अभिभावकों को पता चल सकें।





















