
डाक्टर नहीं कर सकेंगे हड़ताल
पढिये पूरी खबर
चंडीगढ़, 12 जनवरी (विश्ववार्ता): हरियाणा में डाक्टर अगले छह माह तक हड़ताल नहीं कर सकेंगे। प्रदेश सरकार ने आज डाक्टरों की हड़ताल को देखते हुए एस्मा लागू कर दिया है। सरकार के इस फैसले के बाद डाक्टरों के संगठन व सरकार के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। सरकार का तर्क है कि कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए यह फैसला किया गया है।
हरियाणा में एसएमओ की सीधी भर्ती व अन्य कई मुद्दों को लेकर प्रदेश के डाक्टरों मंगलवार को सामूहिक अवकाश पर थे। जिसके चलते सरकार ने यह फैसला लिया है। मुख्य सचिव द्वारा इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
चंडीगढ़ कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि सारा देश कोरोना की लड़ाई लड़ रहा है ऐसे समय में डाक्टरों के एक समूह ने हड़ताल पर जाने की घोषणा करके उस लडाई में बाधा डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि डाक्टरों की जायज मांगों को पहली बैठक में ही स्वीकार करके मुख्यमंत्री के पास मंजूरी के लिए भेज दिया गया था। मुख्यमंत्री की तरफ से सैद्धांतिक मंजूरी भी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि अब कोई नई चीज करनी है तो समय भी लगता है। विज ने कहा कि उन्हें लगता है कि इनके पीछे कोई है जो कोरोना के खिलाफ इस लडाई में विघन डालना चाहता है कि इसलिए हमें एस्मा लगाना पड़ा।





















