
हरणी झील में पिकनिक मनाने गए स्कूली छात्रों के साथ बडा हादसा
छात्रों की नाव पलटने से 12 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत से मचा हडकंप
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर जताया शोक
चंडीगढ, 19 जनवरी (विश्ववार्ता) गुजरात के वडोदरा स्थित हरणी झील में पिकनिक मनाने गए स्कूली छात्रों के साथ भीषण हादसा हुआ है बताया जा रहा है कि पिकनिक मनाने जा रहे है छात्रो से भरी नाव पलट गई, जिससे 12 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत हो गई। तीन छात्र अभी भी लापता हैं। नाव में क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाया गया था। इसके साथ ही उन्हें लाइफ सेविंग जैकेट भी नहीं पहनाई गई थी। हादसे का शिकार हुए सभी बच्चे वडोदरा के न्यू सनराइज स्कूल के हैं। वे सेल्फी लेने के लिए नाव में एक तरफ आ गए थे, जिसकी वजह से नाव पलट गई। इनमें से किसी भी बच्चे या टीचर ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। इसी वजह से जब नाव पलटी तो सभी पानी में डूबने लगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि वडोदरा की हरणी झील में नाव पलटने से हुई मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। पीएमओ ने कहा कि मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
उधर, नाव हादसे को लेकर हरणी पुलिस स्टेशन में पांच आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304, 308 और 337 के तहत शिकायत दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी समेत कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।





















