बैंक खाते फ्रीज करने के खिलाफ कांग्रेस ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, केंद्र सरकार को घेरा
हमारे सभी बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं हम कोई प्रचार नहीं कर सकते-राहुल गांधी
कहा भारत एक लोकतंत्र है, झूठ है आज भारत में कोई लोकतंत्र नहीं
चंडीगढ़, 21 मार्च (विश्ववार्ता) कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पार्टी के बैंक अकाउंट को फ्रीज करने के मामले पर चिंता जताई है। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि वे नफरत भरी असुर शक्ति से लड़ रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मौजूदगी में भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। खरगे ने कहा, भाजपा ने कांग्रेस को चुनाव मैदान से हटाने का खतरनाक खेल शुरू किया है। लोकतंत्र तभी सफल हो सकता है, जब सभी दलों के पास समान संसाधन हों। उन पर किसी एक दल का एकाधिकार न हो। सत्ताधारी पार्टी द्वारा संवैधानिक और न्यायिक संस्थाओं पर प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष नियंत्रण करने का प्रयास किया जा रहा है। चुनावी चंदा यानी बॉन्ड मामला सुप्रीम कोर्ट में है।
खरगे ने कहा कि भाजपा के चंदे के खेल ने देश की छवि को ठेस पहुंचाई है। स्वस्थ लोकतंत्र पर प्रश्न उठा है। सर्वोच्च अदालत ने जिस चंदा बॉन्ड को गैर कानूनी कहा, भाजपा सरकार ने उसी के जरिए अपना खजाना भर लिया। देश में विपक्ष को नीचे गिराने का प्रयास हो रहा है। इसके दूरगामी प्रभाव होंगे। लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव लड़ने में जानबूझकर बाधा खड़ी करने का प्रयास हो रहा है।






















