
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए चंडीगढ़ प्रशासन का बडा कदम
पैनिक बटन दबाते ही किसी भी इमरजेंसी मे स्कूल बस तक पहुंचेगी पुलिस
चंडीगढ, 5 दिसंबर (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा अब शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दरअसल, शहर की स्कूल बसों को अब कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के साथ जोड़ा जाएगा। स्कूल बसों में पैनिक बटन की व्यवस्था की जा रही है। पैनिक बटन दबाते ही किसी भी इमरजेंसी की सूचना तत्काल कमांड सेंटर तक पहुंच जाएगी और इसके बाद त्वरित रूप से पुलिस या हेल्पलाइन टीम जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए उस स्कूल बस तक पहुंचेगी, जहां से बटन दबाया गया है। यानि किसी परेशानी में बच्चों को पैनिक बटन दबाते ही अब फटाफट मदद मिल पाएगी।
प्रशासन के इस कदम से बच्चों के पेरेंट्स की चिंता भी हलकान होगी। दरअसल, बच्चे जब स्कूल बस से अकले निकलते हैं तो ऐसे में पेरेंट्स को उनकी चिंता लगी रहती है। लेकिन स्कूल बसों के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जुडने और पैनिक बटन की व्यवस्था के बाद पेरेंट्स को चिंता करने का जरूरत नहीं है। इससे उनके बच्चे और सुरक्षित रहेंगे। क्योंकि स्कूल बसें जब कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से कनेक्ट होंगी तो उनकी लाइव लोकेशन भी पता चल सकेगी। पहले स्कूल बसों में बैठे बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं हो पाती थी। इसके साथ ही अब अगर बच्चों को कोई दिक्कत आती तो वह पैनिक बटन का इस्तेमाल कर सकते हैं।





















