
सूबे मे मौसम ने ली एकदम से करवट, ठंड ने पकडा जोर
आने वाले दिनो को लेकर मौसम विभाग ने की ये भविष्यवाणी
घने कोहरे के कारण लगातार यातायात हो रहा है प्रभावित
छोटे बच्चो के प्रति रखे विशेष ध्यान
चंडीगढ़, 14 नवंबर (विश्ववार्ता) उत्तर भारत समेत पंजाब व चंडीगढ मे एकदम से मौसम ने करवट बदल ली है। पंजाब में ठंड अचानक जोर पकडऩे लगी है अब रातों के साथ-साथ दिन का तापमान भी गिरने लगा है। पंजाब के कई इलाकों में गत दिन घने कोहरे के कारण यातायात प्रभावित रहा और कई जगहों पर सडक़ हादसे भी हुए।बीते दिनो लुधियाना में रात का तापमान सबसे कम और पटियाला में दिन के समय सबसे अधिक तापमान रहा। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस आम से 4.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। इसी तरह पटियाला में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
तापमान में आई गिरावट के साथ ही ठंडी हवाएं चलने लगी हैं जिससे ठंड बढ़ गई है। लेकिन अब भी लोग लापरवाही करते नजर आ रहे हैं। खासतौर पर सुबह और शाम को भी गर्म कपड़े की जगह कॉटन और अन्य पतले कपड़े पहने जा रहे हैं। इतना ही नहीं आइसक्रीम और ठंडी तासीर वाली चीजें लोग अब भी खा रहे हैं। ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के दौरान की गई लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है, क्योंकि त्योहार के दौरान खान-पान में की जा रही लापरवाही के कारण संक्रमण का खतरा पहले से बरकरार है। इसलिए ठंड से बचाव को लेकर सजग रहने की जरूरत है।
जीएमएसएच-16 की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सद्भावना पंडित का कहना है कि बच्चों पर विशेष ध्यान दें। सुबह और शाम को उन्हें गर्म कपड़े पहनाएं। गुनगुना पानी पिलाएं। सिर और पैर के तलवे गर्म रखें। साफ-सफाई का ध्यान रखें। जरा सी अनदेखी से बच्चे संक्रमण के शिकार आसानी से हो सकते हैं। वहीं, बच्चों को खाने के लिए ठंडा और बासी भोजन न दें। टीबी और फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश राणा का कहना है कि सांस के मरीज विशेष रूप से सावधान रहें क्योंकि दिवाली के कारण प्रदूषण का स्तर तो बढ़ा ही है साथ ही ठंड बढऩे से भी उनकी परेशानी बढऩे की आशंका बढ़ गई है। इसलिए जरूरी है कि सांस के मरीज समय से दवा का सेवन करें। ठंडी चीजों का सेवन न करें।























