
सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच बडी मुठभेड़
अब तक कुल इतने नक्सली ढेर; हथियारों का जखीरा बरामद
चंडीगढ़, 3 अप्रैल (विश्ववार्ता) छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. दो अलग-अलग एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने 11 नक्सलियों को मार गिराया है।. वहीं घटना स्थल से एलएमजी, लांचर और भारी मात्रा में नक्सलियों का सामान बरामद हुआ है। खबर है कि मौके से कई अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि सोमवार की रात डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा व सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी सर्च अभियान के लिए गंगालूर इलाके में रवाना हुई थी। अभियान के दौरान मंगलवार की सुबह 6 बजे के करीब गंगालूर थाना क्षेत्र के लेंड्रा के जंगल में पुलिस की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हो गई।
शुरूआत में इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस जवानों ने चार नक्सलियों को मार गिराया। मौके से जवानों ने नक्सलियों के शव सहित एक एलएमजी, आटोमेटिक हथियार, बीजीएल लांचर व भारी मात्रा में हथियार तथा गोला बारूद दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त की। पुलिस ने दावा किया है कि मुठभेड़ में कई नक्सली घायल भी हुए हैं। इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है। दोपहर तक मरने वाले नक्सलियों की संख्या नौ पहुंच गई है।





















