सुखजिन्दर सिंह रंधावा द्वारा पुंछ क्षेत्र में आतंकी हमले की निंदा,पंजाब पुलिस को चौकस रहने के निर्देश

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर( विश्ववार्ता)पंजाब के उप मुख्यमंत्री स. सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने आज केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पुंछ इलाके में हुए आतंकी हमले की निंदा की, जिसमें एक अधिकारी समेत पाँच जवानों की जान चली गई।
स. रंधावा ने कहा कि यह स्पष्ट है कि पड़ोसी देश उन घटिया कार्यवाहियों से बाज़ नहीं आ रहा जिसका वह आदी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश के लिए किसी भी खतरे या चुनौती का सामना करने में सक्षम है।
उप मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि उनके बलिदानों को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।
स. रंधावा जिनके पास गृह विभाग भी है, ने पंजाब पुलिस के कर्मचारियों और अधिकारियों ख़ासकर सीमावर्ती इलाकों की निगरानी करने वालों को पूरी तरह से चौकस रहने के निर्देश भी जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि दुश्मन हताश है और किसी भी घटिया कार्यवाही का सहारा ले सकता है, जिसको हर हाल में रोकने की ज़रूरत है।
गृह मंत्री ने प्रत्येक पंजाबी की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने के अपने संकल्प को दोहराया है। उन्होंने राज्य और देश के लोगों को आश्वासन दिया कि हम किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
स. रंधावा ने ज़ोर देते हुए कहा ‘‘देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है और इसके लिए कोई भी बलिदान बड़ा नहीं होगा।’’






















