
सीबीआई के सामने पेश नहीं होंगे अखिलेश यादव
चंडीगढ़, 29 फरवरी (विश्ववार्ता)समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को अवैध खनन मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई ने दिल्ली बुलाया था। सीबीआई ने गवाह के तौर पर अखिलेश यादव का नाम फाइल में दर्ज किया है। लेकिन अब बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव आज दिल्ली नहीं जाएंगे और सीबीआई के सामने पेश नहीं होने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक अभी तक अखिलेश यादव का दिल्ली जाने का इरादा नहीं है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता और अखिलेश यादव के करीबी नेता का कहना है कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कल अखिलेश यादव की पार्टी ऑफिस में पहले से कई मीटिंग्स हैं। ऐसे में दिल्ली जा पाना संभव नहीं है।
पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा, ‘‘ वह (अखिलेश यादव) कहीं नहीं जा रहे हैं। वह लखनऊ में एक बैठक में भाग लेंगे।’’ यादव को सीबीआई द्वारा जारी नोटिस पर उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं है, लेकिन यह तय है कि वह आज दिल्ली नहीं जा रहे हैं।’’ सपा सूत्रों के मुताबिक यादव का यहां पार्टी कार्यालय में पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) की बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम है और अब तक उनकी कहीं भी जाने की कोई योजना नहीं है।
मामले की जानकारी रखने वाले एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘वह आरोपी नहीं हैं। वह गवाह हैं।’’ अखिलेश यादव ने बुधवार को इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा था और सीबीआई के कदम को आगामी लोकसभा चुनावों से जोड़ा था। यादव ने बुधवार को एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘ सपा सबसे ज्यादा निशाने (भाजपा के) पर है। 2019 में मुझे किसी मामले में नोटिस मिला था क्योंकि उस समय लोकसभा चुनाव थे। अब जब चुनाव करीब आ रहा है तो मुझे फिर से नोटिस मिल रहा है।’’





















