
सीबीआई की विशेष अदालत ने पीएनबी से करोड़ों की धोखाधड़ी में नौ आरोपियों के खिलाफ आरोप किये तय
चंडीगढ, 30 जनवरी (विश्ववार्ता): चंडीगढ के सेक्टर-17 पंजाब नेशनल बैंक ब्रांच के मुख्य प्रबंधक ने 1418 करोड़ की धोखाधड़ी मामले मे सीबीआई की विशेष अदालत ने नौ आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए। इन आरोपियों में चंडीगढ़ की केमिकल फर्म कुडोज कैमी लिमिटेड, कंपनी के निदेशक जतिंदर सिंह, उसकी पत्नी गुरमीत सोढी, अनिल कुमार खोसला, ओमप्रकाश कठपाल, देविंदर कुमार गुप्ता, गुरिंदर सिंह, विजय कुमार अरोड़ा और कमलेश वधावन शामिल हैं। आरोप तय किए जाने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलेगा और मामले की अगली सुनवाई छह मई को होगी। पीएनबी सेक्टर-17 ब्रांच के मुख्य प्रबंधक ने 1418 करोड़ की धोखाधड़ी की सीबीआई को शिकायत दी थी। सीबीआई ने सात अप्रैल 2017 को कंपनी और उसके निदेशकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया था।
सीबीआई के सरकारी वकील नरेंद्र सिंह ने अदालत में बहस के दौरान कहा कि आरोपियों ने बैंक से करोड़ों का लोन लिया, लेकिन उसका इस्तेमाल अपनी जाली कंपनियों में किया और चंडीगढ़ के आसपास करोड़ों की प्रॉपर्टी बनाई। इसके बाद इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) ने भी इनके खिलाफ मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया और इनकी संपत्ति भी जब्त की थी।





















