सांसद किरण खेर ने दलित समाज का अपमान किया
दलित समुदाय से भेदभाव करने के लिए उन्हें तुरंत माफी मांगनी चाहिए, उनकी सोच निंदनीय : आप चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डॉ. सनी अहलूवालिया
चंडीगढ़, 13 मार्च(विश्ववार्ता ) आम आदमी पार्टी (आप) चंडीगढ़ के मेयर कुलदीप कुमार के प्रति सांसद किरण खेर के व्यवहार की कड़ी आलोचना की और कहा कि सांसद ने हमारे मेयर के साथ दलित समुदाय का भी अपमान किया है।
आप चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डॉ. सनी अहलूवालिया ने बुधवार को पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा कि मंगलवार को गवर्नर हाउस में एक कार्यक्रम में सांसद किरण खेर ने हमारे मेयर के भाषण के बाद माइक को सैनिटाइज करने के लिए कहा। भाजपा और उसके नेता हमेशा दलित विरोधी रहे हैं और एक निर्वाचित प्रतिनिधि के प्रति इस तरह का भेदभाव उनकी घटिया सोच को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने न केवल चंडीगढ़ के प्रथम नागरिक का अपमान किया बल्कि दलित समुदाय को भी ठेस पहुंचाई है। यह बेहद दुख की बात है कि ऐसे लोग और सोच अभी भी मौजूद हैं। उनकी सोच निंदनीय है। उन्होंने किरण खेर से तुरंत माफी की मांग की और कहा कि अगर वह माफी नहीं मांगती हैं तो आम आदमी पार्टी उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी।























