
समराला में डांसर लडक़ी के वायरल वीडियो मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने की कार्रवाई
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (विश्ववार्ता) समराला में डांसर लडक़ी के वायरल वीडियो के मामले में पुलिस द्वारा केस दर्ज करने के बाद पंजाब राज्य महिला आयोग ने कार्रवाई की है। पंजाब महिला आयोग की ओर से खन्ना की एसएसपी अमनीत कोंडल को मामला दर्ज करने का आदेश दिया गया है। साथ ही आयोग ने इस संबंध में एक सप्ताह के भीतर स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है। आयोग उपरोक्त पर आगे की कार्रवाई करेगा।
इस मामले पर कार्रवाई करते हुए समराला पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। समराला पुलिस ने छापेमारी के बाद कर्मचारी जगरूप सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एसएचओ समराला ने बताया कि पुलिसकर्मी जगरूप सिंह जो इस समय लुधियाना में ड्यूटी पर तैनात है, को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन उसके दो साथी अभी भी गिरफ्तार नहीं हुए हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन ने डांसर गर्ल आर्टिस्ट के साथ हुए दुव्र्यवहार के मामले को लेकर मीडिया से बातचीत की हैं। उन्होंने उन लोगों द्वारा की गई शर्मनाक हरकत की निंदा की, चेयरपर्सन राज लाली गिल ने इस मामले को लेकर मीडिया से अपने विचार साझा किए। महिला आयोग पंजाब की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने कहा कि एक महिला जो डांस कर रही है, उसके बारे में अपमानजनक टिप्पणी करना बिल्कुल गलत है, क्योंकि यह उसका पेशा है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि डांस एक कला है और वह एक कलाकार हैं इसलिए यह उनका कार्यक्षेत्र है जिसका हर व्यक्ति को सम्मान करना चाहिए।





















