संसद के शीतकालीन सत्र से पहले सरकार की सर्वदलीय बैठक शुरू
शीतकालीन सत्र में हो सकती है इन विधेयकों पर चर्चा
चंडीगढ,2 दिसंबर (विश्ववार्ता) संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने जा रहा है, उससे पहले सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है जोकि शुरू हो गई है। संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी द्वारा बुलाई गई इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेता शामिल हुए हैं। इस बैठक का उद्देश्य शीतकालीन सत्र को सुचारू ढंग से चलाने के लिए रणनीति बनाना और विधायी एजेंडा तय करना है। बता दें कि संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत 4 दिसंबर से होगी और यह 22 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान 19 दिनों में 15 दिन बैठकी होगी।
आज की सर्वदलीय बैठक में भाजपा की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए हैं। बता दें कि संसद में 37 विधेयक लंबित हैं, इनमें 12 विधेयक इस शीतकालीन सत्र में पारित हो सकते हैं। इनमें आईपीसी, सीआरपीसी और एविडेंस एक्ट को बदलने वाले विधेयक भी शामिल हैं। इनके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित विधेयक पर भी इस शीतकालीन सत्र में चर्चा हो सकती है। बता दें कि इस विधेयक के पारित होने के बाद चुनाव आयुक्त का स्टेटस कैबिनेट सचिव स्तर का हो जाएगा, जबकि अभी चुनाव आयुक्त का स्टेटस सुप्रीम कोर्ट जज के बराबर माना जाता है। विभिन्न पार्टियों के नेता संसद भवन पहुंच गए हैं। कांग्रेस की तरफ से उसके वरिष्ठ नेता जयराम रमेश भी संसद पहुंचे।
























