संसद के बजट सत्र की शुरुआत: राष्ट्रपति मुर्मू ने आज संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में दिया अभिभाषण
भारत में मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार है-राष्ट्रपति मुर्मू
भारत ने आतंकवाद को लेकर सख्त रुख अपनाया: राष्ट्रपति
चंडीगढ, 31 जनवरी (विश्ववार्ता) राष्ट्रपति मुर्मू ने आज संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपना पहला अभिभाषण दिया। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण के दौरान सरकार की कई उपलब्धियों की चर्चा कीं। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में कहा कि भारत में मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार है। यह सरकार बिना डरे काम कर रही है। उन्होंने गरीबों को मुफ्त अनाज की स्कीम जारी रखने की बात कही। मुर्मू ने रेहड़ी वालों की बात कही, तो 11 करोड़ छोटे किसानों की मदद के लिए सवा दो लाख करोड़ रुपए की सम्मान निधि का जिक्र भी किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि अफगानिस्तान और यूक्रेन जैसे देशों में संकट में फंसे अपने नागरिकों को वापस लेकर आए हैं। भारत ने आतंकवाद को लेकर जो कड़क रुख अपनाया है, उसे भी आज दुनिया समझ रही है। इसलिए आतंक के विरोध में भारत की आवाज को हर मंच से गंभीरता से सुना जा रहा है। यूएन में भी भारत ने आतंकवाद पर अपनी भूमिका को स्पष्ट किया है। साइबर सुरक्षा की चिंताओं को भी सरकार पूरी दुनिया के सामने रख रही है।























