
संसद के बजट सत्र का आज पहला दिन:
पहले दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण करेगी पेश
संसद का सत्र हंगामेदार होने के आसार
चंडीगढ, 31 जनवरी (विश्ववार्ता) संसद के बजट सत्र की शुरुआत आज यानि की 31 जनवरी को सुबह 11 बजे से होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद वित्त वर्ष 2022-23 का आर्थिक सर्वेक्षण लोकसभा में पेश करेंगी, जिसे राज्यसभा के पटल पर भी रखा जाएगा। संसद का यह सत्र भी हंगामेदार रह सकता है। सरकार की प्राथमिकता राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वित्त बिल समेत अन्य बिलों को पारित कराने की रहेगी तो विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेगा।
वित्तमंत्री सीतारमण के संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करने के बाद मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन प्रेस कांफ्रेंस में आर्थिक सर्वेक्षण की बारीकियों को रखेंगे। इसके अगले दिन एक फरवरी को वित्त मंत्री पूर्वाह्न 11 बजे लोकसभा में केंद्रीय बजट 2023-24 पेश करेंगी। सत्र के पहले हिस्से में 13 फरवरी तक संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण और आम बजट पर चर्चा होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री अभिभाषण पर होने वाली चर्चा का जवाब देंगे।





















