
शीतकालीन सत्र से पहले सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
चंडीगढ,26 नवंबर (विश्ववार्ता)केंद्र सरकार ने शीत सत्र से पहले संसद की कार्यवाही को सुचारू ढंग से चलाने और अलग-अलग मुद्दों पर सहमति बनाने के लिए दो दिसंबर को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। गौरतलब है कि इस बार शीत सत्र में पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में उठे मुद्दों से लेकर महुआ मोइत्रा के कैश फॉर क्वेरी मामले तक पर हंगामा होने के आसार हैं।
बता दें कि शीतकालीन सत्र चार दिसंबर से शुरू होकर 22 दिसंबर तक चलेगा । आमतौर पर सर्वदलीय बैठक सत्र शुरू होने से एक दिन पहले ही बुलाई जाती है, हालांकि तीन दिसंबर को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना के कारण इस बार बैठक दो दिसंबर को बुलाई गई है।
माना जा रहा है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों का असर शीतकालीन सत्र में देखने को मिलेगा। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ संसद में पैसे लेकर प्रश्न पूछने के आरोपों से जुड़े मामले में लोकसभा की आचार समिति की रिपोर्ट भी इस सत्र के दौरान सदन में पेश की जाएगी। संसदीय समिति ने मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित करने की अनुशंसा की है।























