
शिरोमणि अकाली दल के प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले को लेकर राज्यपाल से की मुलाकात
चंडीगढ, 25 जनवरी: (विश्ववार्ता) शिरोमणि अकाली दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह का कथित आपत्तिजनक वीडियो सौंपकर तत्काल उनकी बर्खास्तगी की मांग की और साथ ही केंद्रीय एजेंसी से मामले की जांच कराने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रियों लाल चंद कटारूचक्क और अमन अरोड़ा को गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने से रोकने का भी आग्रह किया। राज्यपाल से बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मजीठिया ने कहा कि उन्होंने तीन महीने पहले मुख्यमंत्री को सूचित किया था कि उनके पास मंत्री का एक कथित आपत्तिजनक वीडियो है और वह इसे उन्हें सौंपना चाहते हैं। बावजूद इसके मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात नहीं की। यहां तक कि मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मेरे खिलाफ बदलाखोरी की कार्रवाई शुरू की गई।
उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि राज्य मंत्रिमंडल में जो भी मंत्री आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं, उनके गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने पर रोक लगाई जानी चाहिए। इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और डॉ. दलजीत सिंह चीमा शामिल थे। उन्होंने राज्यपाल को पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान मंत्री का समर्थन कर रहे हैं और इस मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।





















