
शर्मनाक: चंडीगढ में 7 वर्षीय मासूम का अपहरण कर दुष्कर्म का मामला आया सामने
पुलिस ने आरोपी को दबोचा
चंडीगढ़, 24 अगस्त (विश्ववार्ता) इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना चंडीगढ से आ रही है जहां सात वर्षीय बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत ने दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने आरोपी को पकडऩे के लिए सारंगपुर थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनाई। टीम में सब इस्पेक्टर सुंदरी, सीनियर कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल मंदीप , लेडी कांस्टेबल अमनदीप शामिल किए गए। टीम ने आरोपी की पहचान करके कई इलाकों में छापामारी की और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना 19 अगस्त दोपहर की है। धनास स्थित शराब ठेके के बाहर बच्चियां कचरा उठा रही थीं। इस दौरान आरोपी आया और 7 साल की मासूम को बहला फुसलाकर जबरदस्ती तोगा गांव की तरफ ले गया। बच्ची का पिता बेटी को तलाश करता हुए तोगा गांव के पास पहुंचा। तब तक आरोपी बच्ची से रेप करके फरार हो गया था।























