शंभू बॉर्डर पर किसान आंदोलन के बीच शंभू बॉर्डर पर बुजुर्ग अन्नदाता की मौत
चंडीगढ, 16 फरवरी (विश्ववार्ता)शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन करने गए गुरदासपुर के चाचोकी गांव निवासी सरदार ज्ञान सिंह (63) की तबीयत खराब होने से मौत हो गई है। किसानों के अनुसार, दो दिन पहले आंसू गैस के गोले से उन्हें दिक्कत हो गई थी। तब तो वे ठीक हो गए थे लेकिन गुरुवार रात अचानक उनकी तबियत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया। किसान ज्ञान सिंह की मौत पर किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि इस आंदोलन का कारण केंद्र सरकार है। हमें सही समय पर दवाएं प्राप्त करने में दिक्कत आ रही है।
गौरतलब है कि 11 फरवरी को किसान मजदूर संघर्ष कमेटी जोन बाबा नामदेव जी के जत्थे के साथ किसान ज्ञान सिंह शंभू बॉर्डर पर गए थे। 14 फरवरी को उनपर आंसू गैस का गोला गिरा था। जिससे वह घायल हो गए और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि किसान की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है. जब उन्हें यहां लाया गया तो उनकी स्थिति काफी नाजुक थी. उनकी मौत सुबह 6 बजे हुई है. पटियाला के डिप्टी कमिश्नर शौकत अहमद पर्रे ने भी किसान की मौत की पुष्टि कर दी है. उन्होंने बताया कि मेडिकल रिकॉर्ड के अनुसार किसान की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है. ज्ञान सिंह किसान मजदूर मोर्च के धड़े किसान मजदूर संघर्ष समिति के सदस्य थे.
























