शंभू-खनौरी बॉर्डर पर 26 दिन से डटे किसान: देशभर में आज ट्रेन रोकेंगे किसान
पंजाब में 61 जगहों पर तैयारी; महिला किसान भी होंगी शामिल
हरियाणा पुलिस की चेतावनी-शामिल हुए तो कार्रवाई होगी
चंडीगढ़, 10 मार्च (विश्ववार्ता) किसानों और केंद्र सरकार के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद सहमति नहीं बन सकी है. अब किसान आज देश भर में ट्रेनों को रोकेंगे. रेल रोको अभियान में महिला किसान भी शामिल होंगी। किसान आंदोलन-2 का आज 9 मार्च को 26वां दिन है। किसान आंदोलन के 26वें दिन संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का कुछ फसलों पर एमएसपी देने के बयान को पूरी तरह से भ्रामक बताते हुए कहा कि यह वही प्रस्ताव है जिसे पिछली बैठक में किसान नेताओं ने आंदोलन की मुख्य मांग के विपरीत बताकर खारिज कर दिया था। वही हरियाणा पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों को चेतावनी दी है कि अगर प्रदर्शन मे शामिल हुए तो उन पर बनती कार्रवाई की जायेगी।
एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों कोे लेकर आंदोलनरत किसान रविवार को पंजाब में 61 स्थानों पर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक ट्रेनें रोक कर प्रदर्शन करेंगे। वहीं हरियाणा में पांच जगह पर ट्रेनें रोकी जाएंगी। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि रेल रोको आंदोलन का असर पंजाब के अलावा देश के बाकी राज्यों उत्तरप्रदेश, बिहार, केरल, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु व आंध्रप्रदेश में भी देखने को मिलेगा।
भारतीय किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने केंद्र सरकार की ओर से पांच फसलों कपास, मक्का के अलावा अरहर, मसूर व उड़द की दालों पर पांच सालों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी देने के फैसले को खारिज कर दिया है। अमृतसर में किसान देवीदासपुरा, मजीठा, रईया, कत्थूनंगल, जैंतीपुर, कोटला गुजरां, पंधेर फाटक और जहांगीर में रेल ट्रैक में धरना देंगे। भाकियू डल्लेवाल की ओर से गांव वल्ला के पास रेलवे फाटक पर रेल यातायात रोका जाएगा।






















