विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में भारत बना नंबर 1
भारत ने पहले स्थान पर और मजबूत की अपनी स्थिति
चंडीगढ़, 9 मार्च (विश्ववार्ता) इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट में जीत के साथ भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में शीर्ष पर बरकरार है। भारतीय टीम ने धर्मशाला में इंग्लैंड को पांचवें व अंतिम टेस्ट में एक पारी और 64 रन के अंतर से मात दी। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल में अपना शीर्ष स्थान मजबूत कर लिया है। भारत के 74 अंक हैं और उसके 68.51 प्रतिशत हैं। इंग्लैंड की टीम आठवें नंबर पर संघर्ष कर रही है।
भारत ने अब तक WTC 2023-25 में कुल 9 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 6 में जीत दर्ज की है। उनके अब 68.51 प्रतिशत अंक हो गए हैं।ऑस्ट्रेलिया ने जब न्यूजीलैंड को पहले टेस्ट में हराया था तो इसका सीधा फायदा भारत को पहुंचा था। टीम शीर्ष स्थान पर पहुंच गई थी।इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट हारने के बाद भारत 5वें स्थान पर खिसक गया था, लेकिन लगातार जीत ने उन्हें फिर से ऊपर उठने में मदद की।
ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में टक्कर
भारतीय टीम का शीर्ष पर लंबे समय तक टिकना संभव नजर आ रहा है। इस समय न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे नंबर पर काबिज होने के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। न्यूजीलैंड की टीम शनिवार को ताजा प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर काबिज है। न्यूजीलैंड ने 5 टेस्ट खेले, जिसमें तीन जीते और दो गंवाए। कीवी टीम के 36 अंक है और उसके 60 प्रतिशत हैं।
यह भी पढ़ें: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा तीसरे दिन फील्डिंग करने नहीं उतरे, सामने आई असली वजह; बुमराह ने संभाली कमान
वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम 11 मैचों में 7 जीत, तीन हार और एक ड्रॉ के साथ तीसरे स्थान पर है। कंगारू टीम के 76 अंक है और उसके 59.09 प्रतिशत हैं। न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट जारी है। जो भी टीम इसमें विजेता बनेगी, उसका दूसरे नंबर पर पहुंचना तय है। यह रेस रोमांचक नजर आ रही है।






















