
विश्वकप-2023 मे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल शुरू
ऑस्ट्रेलिया 5वीं बार टॉस जीता, लिया यह फैसला
इस मैदान पर 4 में से 3 मैच में चेज करने वाली टीम जीती
मैच से पहले एयर शो ने जीता दिल
चंडीगढ़, 19 नवंबर (विश्ववार्ता): ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने वनडे वल्र्ड कप 2023 के फाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। फाइनल से पहले इस टूर्नामेंट में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चार मैच हुए हैं। 3 में बाद में बैटिंग करने वाली टीम जीती है।
टॉस के तुरंत बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ऊपर कई एयरक्राफ्ट उडऩे लगे। वायु सेना की सूर्यकिरण टीम द्वारा एयर शो का आयोजन किया गया है। स्टेडियम में मौजूदा खिलाड़ी और दर्शक एयर शो देखकर रोमांचित हो गए।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि अगर वे टॉस जीतते तो पहले बैटिंग का फैसला ही करते। यानी दोनों कप्तानों की मुराद पूरी हो गई। वैसे, रोहित ने इस टूर्नामेंट में 6 बार टॉस जीता और तीन बार बैटिंग और तीन बार बॉलिंग करने का फैसला किया था। हर मैच में टीम इंडिया को जीत मिली। फाइनल मुकाबले के लिए दोनों ही टीमों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दोनों ने सेमीफाइनल की प्लेइंग इलेवन उतारी है। भारतीय टीम में कुलदीप और जडेजा 2 स्पेशलिस्ट स्पिन ऑप्शन हैं, जबकि सिराज, शमी और बुमराह पेस अटैक की कमान संभालेंगे।
दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलियाई खेमे में स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर एडम जम्पा हैं, जबकि ग्लेन मैक्सवेल पार्ट टाइमर हैं। पेस अटैक में मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस है।
खिताबी मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: पैट कमिंस (कप्तान), डेविड वॉर्नर, ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा और जोश हेजलवुड।























