विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन आज सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने
पंजाब सीएम मान अपने रवैये के लिए माफी मांगे: प्रताप बाजवा
चंडीगढ़, 6 मार्च (विश्व वार्ता) ) पंजाब विधानसभा बजट सत्र के आज दूसरे दिन सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच जमकर नोंक झोंक हुई। धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान सीएम और प्रताप बाजवा के बीच बहस हो गई। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बाजवा के उठाए सवालों पर माहौल गरमाया जिसके बाद सत्तापक्ष के सदस्य वेल तक पहुंच गए। बहस के बाद कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विपक्षी कांग्रेस ने अध्यक्ष से मुलाकात की और उनके ध्यान में लाया। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के बाहर नारेबाजी भी की। प्रताप बाजवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को गलत रवैया अपनाने के लिए माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री माफी नहीं मांगते हैं तो वह विधानसभा नहीं जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री माफी नहीं मांगते हैं तो अगली रणनीति क्या होनी चाहिए, इस पर सुबह फिर से बैठक की जाएगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का विधानसभा में इस तरह का व्यवहार करना ठीक नहीं है। इसके बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।