केबिनेट मंत्री ने गाँव रोगला में त्रिवैणी लगाकर विधानसभा हलका दिड़बा में 50,000 पौधे और 115 त्रिवैणियां लगाने की शुरू की मुहिम

रोगला/दिड़बा, 30 जुलाईः (विश्व – वार्ता) पंजाब के वित्त मंत्री स. हरपाल सिंह चीमा ने आज अपने विधानसभा हलका दिड़बा के गाँव रोगला में शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह हरियावल लहर की शुरुआत की जिसके अंतर्गत विधानसभा हलके में 50 हज़ार पारंपरागत पौधे और 115 त्रिवैणियां लगाई जाएंगी। इस अवसर पर करवाए गए समारोह दौरान केबिनेट मंत्री चीमा ने ख़ुद भी त्रिवैणी में पौधे लगाए और साथ ही समारोह में पहुँचे लोगों को पारंपरिक किस्मों के पौधों का वितरण किया।

इस अवसर पर केबिनेट मंत्री ने लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और इनकी सही ढंग से देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों अधीन राज्य के पर्यावरण को साफ़-सुथरा और हराभरा बनाने के लिए यह मुहिम शुरू की गई है जिसमें हर नागरिक को योगदान देना चाहिए। समारोह दौरान पौधे बाँटते समय श्री चीमा ने लोगों से अपील की कि जिस व्यक्ति के पास पौधा लगाने के लिए निजी जगह उपलब्ध न हो, वह किसी भी खाली जगह जैसे कि सड़क या छप्पड़ के किनारे एक-एक पौधा ज़रूर लगाए ताकि पर्यावरण को आने वाली पीढ़ियों के सुखी जीवन के लिए संरक्षित किया जा सके।

स. हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि वातावरण को हराभरा बनाने की यह मुहिम लोगों की सक्रिय भागीदारी के साथ ही सफल हो सकती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए ठोस व दिल से प्रयास करने की ज़रूरत है ताकि दूषित हो चुके पर्यावरण को फिर से हराभरा बनाया जा सके।

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) वरजीत वालिया, डी. एफ.ओ. मोनिका यादव, एस.डी.एम. दिड़बा राजेश कुमार शर्मा, डी.एस.पी. पृथ्वी सिंह चाहल, तहसीलदार जिनसू बांसल, एस.एच.ओ. गुरप्रताप सिंह, वन विभाग के अधिकारियों के अलावा स्थानीय आप नेता और ग्राम पंचायत रोगला की गणमान्य शख्सियतें भी उपस्थित थीं।























