
वित्त मंत्री चीमा ने 28 सैक्शन अफसरों को नियुक्ति पत्र सौंपे
कहा, सैक्शन अफसरों के खाली पड़े अन्य पदों के लिए भर्ती प्रक्रियाधीन
चंडीगढ़, 14 दिसंबर: पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहाँ वित्त एवं योजना भवन में एक संक्षिप्त परन्तु प्रभावशाली समारोह के दौरान वित्त विभाग के 28 सैक्शन अफसरों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इस अवसर पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व अधीन पंजाब सरकार मज़बूत वित्तीय प्रबंधन और कर्मचारी हितैषी फ़ैसले लेते हुए वैलफेयर की नीतियों को आम लोगों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रभावी वित्तीय प्रबंधन और कल्याण योजनाओं के खर्चों की सही ढंग से देखरेख करने के लिए नव-नियुक्त सैक्शन अफसरों की अलग-अलग विभागों में तैनाती की जायेगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि इसी कड़ी में एस.ए.एस. काडर में नियुक्तियों सम्बन्धी काम को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए एस.ए.एस. परीक्षा की अधिसूचना और पी.पी.एस.सी. के द्वारा सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा इस प्रक्रिया के अंतर्गत सैक्शन अफसरों के खाली पड़े अन्य पदों को भी जल्द से जल्द भरा जायेगा।
स. चीमा ने कहा कि नौजवानों को अधिक से अधिक रोजग़ार के अवसर मुहैया करवाने के अपने मिशन के अंतर्गत पंजाब सरकार द्वारा उन पदों को पहल के आधार पर भरने को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनका सीधा सम्बन्ध आम लोगों को सेवाएं मुहैया करवाने और कामकाज में पारदर्शिता लाना है। इस अवसर पर वित्त मंत्री द्वारा समूह नव-नियुक्त सैक्शन अफसरों को सरकारी खजाने की हर पक्ष से निगरानी करते हुए इमानदारी से अपनी सेवाएं निभाने की हिदायत भी की गई।
इस अवसर पर उनके साथ विशेष सचिव (व्यय) श्री मोहम्मद तैयब और अतिरिक्त निदेशक (कोषागार एवं लेखा) सिमरजीत कौर भी उपस्थित थीं।





















