

विजीलैंस ब्यूरों द्वारा पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ कसा शिकंजा
लुक आउट नोटिस जारी, हवाई अड्डों पर अलर्ट जारी
सांसद रवनीत बिट्टू ने किया मनप्रीत बादल पर तीखा हमला
चंडीगढ़, 26 सिंतबर (विश्ववार्ता) पंजाब विजीलैंस ब्यूरों द्वारा पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल सहित 6 व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग द्वारा मनप्रीत बादल के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है। इसके अलावा विजिलेंस ने देश के हवाई अड्डों को भी मनप्रीत बादल को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।
भाजपा नेता और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को लेकर सांसद रवनीट बिट्टू ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मनप्रीत बादल पिछले 2 महीने से इंग्लैंड भागे हुआ है और अगर वह सच्चा है तो उसे किस बात का डर और वह सामने आए। मीडिया से बातचीत करते हुए बिट्टू ने कहा कि मनप्रीत बादल शायरी करके बड़े-बड़े शायरों की मिसाल देता था और आज वह शायरी कहां गई ? ऐसे लोगों के कारण ही आज हम विपक्ष में बैठे है और वह इंग्लैंड किसी टापू में छिपे बैठा है।
विजीलैंस ब्यूरो के अधिकारियों का कहना है कि मनप्रीत बादल की चूंकि गिरफ्तारी नहीं हुई है इसलिए हवाई अड्डों को अलर्ट किया जाना अनिवार्य था ताकि वह देश से बाहर न जा सकें। मनप्रीत बादल पिछले 2 महीनों से सियासी तौर पर कम ही सक्रिय दिखाई दे रहे थे। विजीलैंस अधिकारियों का मानना है कि पिछले 2 महीनों से मनप्रीत का अता-पता नहीं चल रहा था। विजीलैंस ब्यूरो द्वारा उनके नजदीकियों के ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है।























