
वरिष्ठ नौकरशाह अजय भादू उपचुनाव आयुक्त नियुक्त
चंडीगढ़, 3 अक्तूबर (विश्ववार्ता) केंद्र सरकार ने वरिष्ठ नौकरशाही में रविवार को व्यापक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ नौकरशाह अजय भादू को उप चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि गुजरात कैडर के 1999 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी भादू को 24 जुलाई, 2024 तक के लिए उप चुनाव आयुक्त पद पर नियुक्त किया गया है। व्यापक फेरबदल के तौर पर केंद्र सरकार की विभिन्न सेवाओं से 35 नौकरशाहों को संयुक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश कैडर के 1998 बैच के आईएएस अधिकारी आकाश त्रिपाठी को माईगॉव के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में नियुक्त किया गया है।























