
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के घर विजिलेंस की बडी दबिश
चंडीगढ, 10 जनवरी (विश्ववार्ता) आय से अधिक संपत्ति मामले में फंसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के घर आज विजिलेंस ब्यूरो की टीम पहुंची। विजिलेंस बठिंडा की टीम ने उनके पैतृक गांव कांगड़ में घर की पैमाइश की।
गुरप्रीत सिंह कांगड़ कई बार पूछताछ के लिए विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा कार्यालय में शामिल हो चुके हैं, अब टीम उनके घर पहुंची है। स्रोतों से अधिक आय का पता लगाने के लिए घर की पैमाइश कर रही है। पंजाब में सरकार बदलने के बाद गुरप्रीत सिंह कांगड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे लेकिन अब उनकी कांग्रेस में घर वापसी हो गई है।
आपको बता दें कि इसी साल जनवरी महीने में आय से अधिक संपत्ति के मामले में बीजेपी नेता गुरप्रीत सिंह कांगड़ के खिलाफ जांच शुरू की गई थी। विजिलेंस ब्यूरो की तरफ से उन्हें पूछताछ के लिए भी बुलाया गया था लेकिन वो पूछताछ में शामिल नहीं हो पा रहे थे। पूछताछ के लिए ना आने के लिए कांगड़ की तरफ से दलील की गई थी कि उन्होंने घुटनों का ऑपरेशन करवाया है, इसलिए जब तक वो फीट नहीं हो जाते उन्हें पूछताछ के लिए ना बुलाया जाए. इसके लिए उन्होंने विजिलेंस को अपना मेडिकल भेजा था।
वहीं जब विजिलेंस की टीम को पता चला कि बीजेपी नेता गुरप्रीत सिंह कांगड़ अपनी पार्टी के कार्यक्रमों और रैलियों में शामिल हो रहे है तो 1 जून को फिर विजिलेंस की तरफ से उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया गया था। जिसके लिए उन्होंने 10 दिन का समय भी मांगा था। कांगड़ की तरफ से फिर कहा गया था कि वो घुटना बदलने के बाद फिजियोथेरेपी सत्र से गुजर रहे हैं। उनकी तरफ से कहा गया था कि विजिलेंस ब्यूरो के सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उन्होंने अपनी संपत्ति के अधिकाश कागजात जमा करवा दिए है, जल्द ही उनके सामने पेश भी हो जाएंगे। कांगड़ की तरफ से साफ-साफ कहा गया कि उनके पास छुपाने के लिए कुछ नहीं है. बस उन्हें मेडिकल आधार पर कुछ समय चाहिए जिसके बाद वो खुद पूछताछ में शामिल होंगे।























